
बॉलीवुड के सुलतान कहे जाने वाले सलमान खान के परिवार में आज एक मृत्यु की दुखद घटना हो गई। दरअसल आज उनकी बहन अर्पिता खान के पति आयुष शर्मा के दादा पंडित सुख राम जी की मृत्यु दिल्ली के AIIMS अस्पताल में हो गई। पंडित सुख राम कांग्रेस की केंद्र सरकार रहते केन्द्रीय मंत्री भी रह चुके थे। 95 वर्ष के पंडित सुख राम मंडी , हिमाचल प्रदेश में 4 मई को सख्त बीमार हुए थे, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली स्थित AIIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहाँ आज सुबह उनकी मृत्यु हो गई. पंडित सुख राम के बेटे अनिल शर्मा वर्तमान में मंडी के विधायक हैं। फिल्म अभिनेता आयुष शर्मा अनिल शर्मा के ही बेटे हैं। दादा की मृत्यु की खबर सुनते ही आयुष शर्मा अपनी पत्नी अर्पिता खान के साथ मंडी पहुँच गए। चर्चा है कि दिवंगत सुख राम के श्राद्ध कार्यक्रम में सलमान खान और उनके परिवार के अन्य सदस्य भी मंडी आयेंगे।
————————————————————
साठ साल के सियासी सफर में संचार क्रांति का सूत्रपात कर हिमाचल प्रदेश जैसे छोटे राज्य की देश भर में पहचान बनाने वाले पंडित सुखराम की मंगलवार रात 1:30 बजे नई दिल्ली एम्स में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।
पंडित सुखराम का जन्म 27 जुलाई, 1927 को मंडी जिला के इलाका तुंगल स्थित कोटली गांव में पं. भवदेव के घर हुआ था। उनकी शिक्षा मंडी के विजय हाई स्कूल के पश्चात वल्लभ कालेज और लॉ कालेज दिल्ली से हुई। वह पांच बार विधानसभा और तीन बार लोकसभा के लिए मंडी संसदीय सीट से चुने गए। सुखराम 1993 से 1996 तक केंद्रीय संचार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहे थे।